प्रधान संघ अध्यक्ष सहित छह नामजद व बीस अज्ञात पर मारपीट व तोड़फोड़ का मुकदमा दर्ज

1,229 Views

मियागंज में आम की बिक्री को लेकर हुआ विवाद, पेट्रोल पंप कार्यालय में घुसकर की मारपीट व दी जान से मारने की धमकी


भास्कर टुडे संवाददाता, उन्नाव। थाना आसीवन क्षेत्र के मियागंज चौराहे पर स्थित पेट्रोल पंप पर 26 जुलाई शुक्रवार को सुबह आम बिक्री को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस मामले में मियागंज निवासी अशोक कुमार ने प्रधान संघ अध्यक्ष प्रवीण रावत सहित छह नामजद और 15–20 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

पीड़ित अशोक कुमार ने बताया कि वह रतन आम मंडी मियागंज में मैनेजर के रूप में कार्यरत है और 26 जुलाई को घटना के समय सुबह लगभग 8 बजे नायरा पेट्रोल पंप पर मौजूद था। उसी समय बरहा कला गांव निवासी रामप्रसाद अपने बेटे के साथ आम बेच रहे थे, जिनका एक व्यापारी से विवाद हो गया।

 

आरोप है कि इसी विवाद में रामप्रसाद ने अपने बड़े बेटे प्रवीण रावत (जो ब्लॉक मियागंज के प्रधान संघ अध्यक्ष भी हैं) को मौके पर बुला लिया। प्रवीण रावत अपने साथ नवीन, अनस, प्रताप रावत, संतोष रावत समेत 15–20 अन्य लोगों के साथ पहुंचे और नायरा पंप कार्यालय में जबरन घुस आए।

 

अशोक कुमार के मुताबिक, आरोपियों ने उसे अंदर से खींचकर बाहर निकाला और गालियां देते हुए लात-घूंसों से मारपीट की, साथ ही तोड़फोड़ भी की। भीड़ बढ़ती देख हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। पीड़ित ने किसी तरह अपनी जान बचाई।

 

इस संबंध में थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर 6 नामजद और 15–20 अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। घटनास्थल के CCTV फुटेज के जरिए जांच की जा रही है।

Share News