पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज ज़ाखणीधार में “भारतीय भाषा समर कैंप 2025” का सफल आयोजन

477 Views

टिहरी: जिले के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज ज़ाखणीधार में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत 27 मई से 31 मई 2025 तक पांच दिवसीय “भारतीय भाषा समर कैंप 2025” का आयोजन किया गया। इस समर कैंप में स्कूली बच्चों ने भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता को समझने के साथ-साथ विभिन्न रोचक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कैंप के संयोजक सुशील डोभाल ने बताया कि भारत की समृद्ध भाषाई और सांस्कृतिक विरासत को बच्चों तक पहुंचाने और उन्हें विभिन्न भाषाओं को सीखने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से यह कैंप आयोजित किया गया। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के दिशा-निर्देशों के तहत इस पहल के माध्यम से बच्चों को गढ़वाली, कुमाऊनी, जौनसारी और पड़ोसी देश नेपाल में बोली जाने वाली नेपाली भाषा की समानताओं और अंतरों को समझने का अवसर मिला।

संदर्भदाताओं शीशराम पालीवाल, अरविंद उनाल और योगेश सकलानी ने विभिन्न सत्रों में बच्चों को भाषाई विविधता के साथ-साथ योगाभ्यास, शतरंज, कैरमबोर्ड, लूडो, सापसीढ़ी, सुडोकू और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। कैंप के अंतिम दिन बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित सभी लोगों ने सराहा।

समापन समारोह में विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष दिनेश चंद्र, संयोजक सुशील डोभाल, योगेश सकलानी, शीशराम पालीवाल, अरविंद उनाल और शांति प्रसाद लसियाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

इस आयोजन ने न केवल बच्चों में भाषाई एकता और सांस्कृतिक सम्मान का भाव जागृत किया, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

 

 

 

Share News