डा. रवि राणा और डा. रत्नदीप राणा को मिला “देश रत्न सम्मान”

892 Views

ग्रामीण प्रतिभाओं को बढ़ावा देने और सामाजिक योगदान के लिए हुआ चयन


नई दिल्ली/मेरठ। मेरठ के प्रख्यात मनोचिकित्सक दंपत्ति डा. रवि राणा और डा. रत्नदीप राणा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित “देश रत्न सम्मान” से नवाजा गया है। यह सम्मान उन्हें ग्रामीण, पिछड़े और वंचित वर्गों की सेवा, चिकित्सा सहायता और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रदान किया गया। यह सम्मान समारोह नई दिल्ली स्थित कमानी ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ, जिसमें देशभर से चयनित 100 से अधिक विशिष्ट प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

 

समारोह का आयोजन भारती युवा वेलफेयर एसोसिएशन, रक्षा मंत्रालय, सामाजिक न्याय मंत्रालय, ग्रामीण विकास मंत्रालय एवं जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के श्रम मंत्री रघुराज सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता श्याम जाजू, ओबीसी मोर्चा के नेशनल को-इंचार्ज विनय चौधरी, और फिल्म अभिनेता सुरेंद्र पाल सिंह एवं मुस्ताक खान जैसे गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

मेरठ से एकमात्र चयनित चिकित्सक दंपत्ति
मेरठ से इस कार्यक्रम में सम्मान पाने वाले डा. रवि राणा और डा. रत्नदीप राणा अकेले चिकित्सक दंपत्ति थे। दोनों का चयन उनके द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता, चिकित्सा सेवाएं एवं प्रेरणा देने के प्रयासों के लिए किया गया। वे मंगल पांडे नगर स्थित “माही माइंड सेंटर” के संचालक हैं, जो मेरठ का पहला समर्पित मनोचिकित्सा और न्यूरोथेरेपी केंद्र है।

 

गांव से शुरू कर शहर तक पहचान बनाई
डा. रवि राणा का जन्म बागपत जिले के एक छोटे से गांव में एक किसान परिवार में हुआ था। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई और मेरठ में पहला मनोचिकित्सा केंद्र स्थापित किया। उनकी प्रेरणा से मेरठ और पश्चिम उत्तर प्रदेश में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार हुआ है।

 

सामाजिक सेवा बनी सम्मान का आधार
संस्था की ओर से बताया गया कि देश रत्न सम्मान उन व्यक्तियों को दिया गया, जिन्होंने ग्रामीण एवं वंचित वर्गों की सेवा, चिकित्सा या आर्थिक सहायता, और छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच देने में योगदान दिया। डा. राणा दंपत्ति का कार्य न केवल चिकित्सा के क्षेत्र में बल्कि समाज के उत्थान में भी महत्वपूर्ण है।


लेखक: लियाकत मंसूरी
स्रोत: नई दिल्ली

Share News