बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस की लापरवाही का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सीबीगंज थाना क्षेत्र के बडिया गांव में एक ही नाम की दो महिलाओं के कारण पुलिस कन्फ्यूजन का शिकार हो गई। बिजली चोरी के मामले में मुन्नी पत्नी छोटे के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी हुआ था, लेकिन परसाखेड़ा पुलिस चौकी के प्रभारी सौरभ यादव ने बिना पूरी जांच किए निर्दोष मुन्नी देवी पत्नी जानकी प्रसाद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
क्या है पूरा मामला?
मामला 2020 का है, जब बिजली विभाग ने सीबीगंज थाने में मुन्नी पत्नी छोटे के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। 13 अप्रैल 2025 को कोर्ट ने इस मामले में मुन्नी के खिलाफ NBW जारी किया। परसाखेड़ा पुलिस चौकी के प्रभारी सौरभ यादव ने वारंट के आधार पर बडिया गांव में कार्रवाई की, लेकिन गलत महिला, मुन्नी देवी को गिरफ्तार कर लिया। मुन्नी देवी ने बार-बार अपनी बेगुनाही की बात कही, लेकिन उनकी एक न सुनी गई और उन्हें 13 अप्रैल को जेल भेज दिया गया।
चार दिन बाद हुआ गलती का एहसास
निर्दोष मुन्नी देवी को चार दिन तक जेल में रहना पड़ा। जब पुलिस को अपनी भूल का एहसास हुआ, तो 17 अप्रैल 2025 को उन्हें रिहा कराया गया। पुलिस ने मुन्नी देवी और उनके परिवार से माफी मांगी, लेकिन साथ ही धमकी भी दी कि इस मामले को मीडिया में न ले जाएं, वरना दोबारा जेल भेज दिया जाएगा। रिहाई के बाद मुन्नी देवी डरी-सहमी नजर आईं और उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी।
SSP ने दिए जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य ने इस लापरवाही की जांच के आदेश दे दिए हैं। मुन्नी देवी ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, असली आरोपी मुन्नी पत्नी छोटे अभी भी फरार है, और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस की लापरवाही पर उठे सवाल
इस घटना ने बरेली पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुन्नी देवी ने बताया कि वह हिंदू हैं, जबकि आरोपी मुन्नी मुस्लिम है, फिर भी पुलिस ने बिना जांच-पड़ताल के कार्रवाई कर दी। यह मामला पुलिस की जल्दबाजी और ‘गुड वर्क’ दिखाने की होड़ को उजागर करता है, जिसका खामियाजा निर्दोष नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।
बरेली पुलिस की इस चूक ने एक बार फिर प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद दोषी पुलिसकर्मियों पर क्या कार्रवाई होती है।

More Stories
हाफिजगंज पुलिस ने दो युवकों को अवैध तमंचा व कारतूस सहित किया गिरफ्तार
बरेली: तीन बदमाश जिला बदर, 24 घंटे में छोड़ना होगा जिला
भोजीपुरा पुलिस ने शकील को छह माह के लिए जिला बदर