एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर संगोष्ठी आयोजित

429 Views

बरेली। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के विधि विभाग में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक भव्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन माननीय कुलपति प्रो. के. पी. सिंह के संरक्षण एवं विधि विभागाध्यक्ष डॉ. अमित सिंह के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. शशि देवी, पूर्व डी.डी.आर. सेकेंडरी एजुकेशन, बरेली द्वारा दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रतिष्ठित अतिथियों में विपर्णा गौर (आयोजन अधिकारी, बरेली), एडवोकेट सोनी बी. मलिक (पूर्व शासकीय अधिवक्ता), डॉ. ज्योति पांडे (संस्कृतिक केंद्र कोऑर्डिनेटर, एमजेपीआरयू) एवं श्री बी.के. राय उपस्थित रहे।

मुख्य वक्ताओं के विचार

डॉ. शशि देवी ने अपने संबोधन में कहा, “नारी कोमल है, लेकिन कमजोर नहीं।” उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए नैतिक मूल्यों और समान अधिकारों पर जोर दिया।

अभियोजन अधिकारी सुश्री विपर्णा गौर ने महिलाओं की शिक्षा और आत्मनिर्भरता को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के लिए संघर्षरत रहना चाहिए और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।

एडवोकेट सोनी मलिक ने महिला सशक्तिकरण को राष्ट्र की प्रगति का आधार बताया और कहा कि समाज में व्याप्त रूढ़िवादी सोच को बदलना आवश्यक है।

डॉ. ज्योति पांडे ने नारी शक्ति को वंदनीय बताते हुए महिलाओं को अपनी योग्यताओं को पहचानने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विभागाध्यक्ष डॉ. अमित सिंह ने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक और वित्तीय संस्थानों में भागीदारी बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कृषि क्षेत्र में महिलाओं के श्रम के उचित मूल्यांकन पर भी जोर दिया।

समापन एवं उपस्थिति

कार्यक्रम का संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर सुश्री जूही नसीम ने किया और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. शहनाज अख्तर द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस अवसर पर एल.एल.एम. के छात्र-छात्राओं सहित रिसर्च स्कॉलर, शिक्षकगण एवं विश्वविद्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share News