सेल्फ रेज्ड महिलाओं का सम्मान कर पंजाबी महासभा महिला इकाई ने मनाया महिला दिवस

572 Views

बरेली। शहर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पंजाबी महासभा महिला इकाई ने एक अनूठी पहल करते हुए सेल्फ रेज्ड महिलाओं का सम्मान किया। महासभा की अध्यक्ष मनीष आहूजा के नेतृत्व में संस्था की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में जाकर उन महिलाओं को माला पहनाई, क्राउन पहनाकर सम्मानित किया और उपहार भेंट किए, जो बिना औपचारिक शिक्षा प्राप्त किए भी अपने परिवार के लिए समर्पित हैं और आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रही हैं।

 

मनीष आहूजा ने कहा, “आज महिलाएं पढ़-लिखकर हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, लेकिन हमने उन महिलाओं को सम्मानित करने का निर्णय लिया, जो बिना किसी औपचारिक शिक्षा के बावजूद अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं और मेहनत कर जीवन को संवार रही हैं। इनका संघर्ष और समर्पण किसी से कम नहीं है।”

 

सम्मानित महिलाओं के चेहरों पर खुशी देखते ही बनती थी। क्राउन पहनते ही उन्होंने खुद को रानी जैसा महसूस किया और खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह दिन उनके लिए बेहद खास है।

 

इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सिम्मी आनंद, रश्मि सरपाल, बलविंदर कौर, रूमा गंभीर, पूजा नारंग, रंजू अदलखा, पूनम अरोड़ा, रुचि अरोड़ा, रीता आनंद समेत कई महिलाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस सम्मान समारोह ने न केवल महिलाओं की मेहनत को सराहा, बल्कि यह संदेश भी दिया कि हर महिला, चाहे किसी भी परिस्थिति में हो, सम्मान की हकदार है।

 

Share News