संत गाडगे बाबा की जयंती पर बरेली में भव्य आयोजन, शिक्षा और सामाजिक सुधार पर जोर

924 Views

बरेली, 23 फरवरी: ओशी बारात घर, 100 फुटा रोड बरेली में आज संत शिरोमणि संत गाडगे बाबा की जयंती बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। यह कार्यक्रम प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया गया, जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, ज्ञानवर्धक संबोधनों और सामाजिक संदेशों का आदान-प्रदान हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. महेंद्र देव (निदेशक, माध्यमिक शिक्षा) की धर्मपत्नी बीना देवी ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने पर जोर दिया।

अपर जिला जज, बरेली माननीय गगन कुमार भारती ने अपने संबोधन में शिक्षा को गरीबों की सबसे बड़ी ताकत बताया और समाज में भाईचारा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने अंतरजातीय विवाह को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

विशिष्ट अतिथि गजेंद्र कुमार (DDR बरेली) ने समाज को पाखंड से दूर रहने की सलाह दी। डॉ. ओ.पी. भाष्कर ने संत गाडगे बाबा के स्वच्छता संदेश पर जोर देते हुए कहा कि स्वच्छता को उन्होंने अपना मूल मंत्र माना था

डॉ. जी.आर. दिवाकर और नीतू कनोजिया (जिला सूचना अधिकारी) ने कहा कि शिक्षा ही कुरीतियों को समाप्त करने का सबसे बड़ा हथियार है। वहीं, छोटे लाल और करण सिंह (सेवानिवृत्त डिप्टी एसपी) ने समाज को अपने महापुरुषों से प्रेरणा लेने और अपने इतिहास को पढ़ने की अपील की।

डॉ. बी.आर. बुद्धप्रिय और एडवोकेट राजकुमार ने धर्मांधता से बचने और समाज को सही दिशा में आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई। अन्य वक्ताओं में रणबीर सिंह, बच्चू लाल, डॉ. अरुण कुमार, सुरेंद्र सोनकर, वेद प्रकाश आदि ने भगवान बुद्ध के मार्ग को अपनाने पर जोर दिया।

सम्मान व पुरस्कार वितरण

जयंती स्थल पर बहुजन महापुरुषों के साहित्य और संत गाडगे बाबा के जीवन पर प्रकाशित पुस्तकें वितरित की गईं। इस अवसर पर प्रतिभावान बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा ग्राम प्रधानों और जिला पंचायत सदस्यों को शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया

रमेश चंद अटल द्वारा महापुरुषों पर गीत प्रस्तुत किए गए, जबकि लाइट ग्रुप ऑफ एशिया द्वारा शानदार नृत्य प्रस्तुतियां दी गईं। मातृशक्ति का वस्त्रदान कर सम्मान किया गया।

समिति के पदाधिकारियों की भूमिका

इस आयोजन में समिति के अध्यक्ष टी.सी. चौधरी और महासचिव अशोक चौधरी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अध्यक्ष टी.सी. चौधरी ने समाज को शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की और सभी आगंतुकों का सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आभार व्यक्त किया

संत गाडगे बाबा का संदेश:

शिक्षा, स्वास्थ्य, सफाई, ज्ञान – यही समाज की असली पहचान।

Share News