प्रयागराज कुंभ में अव्यवस्था चरम पर, श्रद्धालुओं के लिए कुंभ क्षेत्र पहुंचना बना चुनौती

736 Views

प्रयागराज: विश्व प्रसिद्ध कुंभ मेले में इस बार अव्यवस्थाओं की स्थिति भयावह हो गई है। लाखों श्रद्धालु मेले में शामिल होने के लिए दूर-दूर से आए हैं, लेकिन एंट्री प्वाइंट्स बंद होने की वजह से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पैदल चलते-चलते थक गए श्रद्धालु
कुंभ क्षेत्र के सभी प्रवेश मार्गों पर तैनात पुलिस ने एंट्री बंद कर दी है। श्रद्धालु 15-20 किमी पैदल चलने के बाद भी अंदर नहीं पहुंच पा रहे हैं। थके हुए श्रद्धालु, जिनमें बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं, सड़कों पर बेहाल हैं। पानी और भोजन जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है।

अराजकता और भेदभाव का आरोप
श्रद्धालुओं का आरोप है कि एंट्री प्वाइंट्स पर तैनात पुलिस केवल प्रोटोकॉल युक्त VIPs और अधिकारियों के परिवारों को अंदर जाने दे रही है। बाकी लोगों को बाहर ही रोक दिया गया है। नागवासुकी मंदिर क्षेत्र में स्थिति और भी बदतर है, जहां भीड़ और बदइंतजामी के कारण लोगों का प्रवेश लगभग असंभव हो गया है।

माइक से हो रहा है ऐलान, लौट जाएं
भीड़ को नियंत्रित करने में असमर्थ प्रशासन ने माइक से ऐलान करना शुरू कर दिया है कि श्रद्धालु जिस घाट के पास हैं, वहीं स्नान करके लौट जाएं। इससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।

प्रशासन की लापरवाही उजागर
श्रद्धालुओं का कहना है कि कुंभ मेले की पूरी व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। दो वरिष्ठ IPS अधिकारियों पर आरोप है कि उन्होंने मेला व्यवस्था को अपनी निजी जागीर बना लिया है। ऊपर से शासन स्तर पर कोई मॉनिटरिंग नहीं होने से हालात और बिगड़ रहे हैं।

श्रद्धालुओं की अपील
लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि वे इस अव्यवस्था को तुरंत ठीक करें, ताकि लाखों श्रद्धालु अपनी आस्था के इस महापर्व में शामिल हो सकें। वहीं, विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की बदइंतजामी से कुंभ की साख को गहरा धक्का लग सकता है।

मेला प्रशासन का पक्ष अभी नहीं आया
अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर स्थिति को सुधारने के लिए क्या कदम उठाता है। श्रद्धालुओं की नजरें प्रशासन की ओर हैं।

Share News