नाथ नगरी बरेली की धरोहरों पर आधारित कॉफी-टेबल बुक का हुआ प्रकाशन

878 Views

बरेली।बरेली, जिसे नाथ नगरी और पांचाल नगर के रूप में जाना जाता है, अपनी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के लिए प्रसिद्ध है। जिले की इस समृद्ध विरासत को संरक्षित और प्रचारित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के निर्देशन में बरेली की एक विशेष कॉफी-टेबल बुक का प्रकाशन किया गया है।

 

इस पुस्तक में बरेली की ऐतिहासिक धरोहर, पुरातत्व, धार्मिक स्थल, खानपान, वेशभूषा, लोककला और संस्कृति को खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया है। इसमें जिले के प्रमुख स्थलों जैसे महाभारत कालीन रामनगर अहिच्छत्र किला, धोपेश्वर नाथ, मणीनाथ, अलखनाथ, त्रिवटीनाथ मंदिरों और दरगाह-ए-आला हजरत जैसे धार्मिक स्थलों का विशेष उल्लेख किया गया है।

कॉफी-टेबल बुक में आधुनिक तकनीक का भी उपयोग किया गया है। इसमें क्यूआर कोड स्कैन कर पाठक संबंधित स्थलों के वीडियो देख सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य देशी और विदेशी पर्यटकों को बरेली की विरासत से परिचित कराना और भावी पीढ़ी को इसके महत्व से अवगत कराना है। इसके अलावा, पुस्तक में बरेली के प्रसिद्ध खानपान, जैसे जलेबी, इमरती, कुल्फी और स्ट्रीट फूड, साथ ही यहां की हस्तशिल्प कला, जैसे जरी-जरदोजी और पतंग-मांझा उद्योग, को भी विस्तार से दिखाया गया है।

 

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा, “यह पुस्तक न केवल बरेली की धरोहरों को संरक्षित करने का प्रयास है, बल्कि इसे पर्यटन के नक्शे पर विशेष पहचान दिलाने की भी एक पहल है।” कॉफी-टेबल बुक के माध्यम से बरेली की अनूठी पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसारित करने का यह कदम सराहनीय है।

 

Share News